राष्ट्रीय विशेषज्ञों के साथ संवाद, पैनल चर्चा और शोध पत्र प्रस्तुतीकरण रहे पहले दिन के प्रमुख आकर्षण
बस्ती (आयुष्मान टाइम्स) कर्मा देवी शैक्षणिक समूह द्वारा आयोजित दो दिवसीय प्रोफेशनल एनरिचमेंट कॉन्क्लेव-2026 का शुक्रवार को भव्य शुभारंभ हुआ। कॉन्क्लेव के पहले दिन कर्मा देवी समूह, बस्ती सहित जीडी गोयनका स्कूल, बरेली के शिक्षक भी शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण पद्धतियों, तकनीकी नवाचारों, नेतृत्व क्षमता और बदलते शैक्षणिक परिवेश के अनुरूप तैयार करना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। मुख्य अतिथि पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) बस्ती संजीव त्यागी, जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्स्ना, कर्मा देवी समूह के चेयरमैन (सेवानिवृत्त आईएएस) ओ.एन. सिंह, मुख्य कार्यकारी अधिकारी अंशु सिंह गौतम, सीआईओ यजुवेंद्र विक्रम सिंह सहित सभी अतिथियों का स्मृति चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।
प्रथम सत्र की शुरुवात आइस ब्रेकिंग सत्र के माध्यम से शुरू हुई जिसमें शिक्षकों को विद्यार्थियों से बेहतर संवाद स्थापित करने, कक्षा में सहभागिता बढ़ाने तथा प्रभावी शिक्षण के व्यावहारिक उपाय बताए। विभिन्न गतिविधियों एवं प्रश्नोत्तर सत्र में शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
उद्घाटन संबोधन में कार्यकारी अधिकारी अंशु सिंह गौतम ने कहा कि शिक्षा में केवल परिवर्तन नहीं, बल्कि सोच में बदलाव की आवश्यकता है। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों में रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता और जीवन कौशल विकसित करने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्स्ना ने कहा कि शिक्षा समाज में सकारात्मक परिवर्तन की सबसे मजबूत आधारशिला है। यदि शिक्षक विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करें, तो एक बेहतर समाज का निर्माण संभव है। वहीं डीआईजी संजीव त्यागी ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) शिक्षा के क्षेत्र में नए अवसर लेकर आई है। शिक्षकों को तकनीक के साथ स्वयं को लगातार अद्यतन रखना होगा, ताकि वे विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार कर सकें। अंतरराष्ट्रीय साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ डॉ. रक्षित टंडन ने ऑनलाइन माध्यम से साइबर सुरक्षा, डिजिटल जागरूकता एवं सुरक्षित इंटरनेट उपयोग पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
कर्मा देवी समूह के चेयरमैन (सेवानिवृत्त आईएएस) ओ.एन. सिंह ने प्रशासनिक अनुभव साझा करते हुए कहा कि सफल नेतृत्व स्पष्ट दृष्टि, अनुशासन और प्रभावी क्रियान्वयन से विकसित होता है। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों को जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बनाने की दिशा में कार्य करने का आह्वान किया।
कॉन्क्लेव में पैनल चर्चा, शिक्षकों द्वारा शोध पत्र प्रस्तुतीकरण किए गए। दिन का समापन इनडोर एवं आउटडोर खेल गतिविधियों के साथ हुआ, जिसमें कर्मा देवी समूह और जीडी गोयनका स्कूल, बरेली के शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कॉन्क्लेव का पहला दिन शिक्षकों के लिए सीखने, संवाद, नवाचार और अनुभव साझा करने का प्रभावी मंच साबित हुआ। दूसरे दिन भी शिक्षा, अनुसंधान, तकनीक और नवाचार से जुड़े कई महत्वपूर्ण सत्र आयोजित किए जाएंगे।


