राजन इंटरनेशनल एकेडमी में 77वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया, सांस्कृतिक कार्यक्रमों से मंत्रमुग्ध हुए मुख्य अतिथि

0 आकाश शुक्ला

 राजन इंटरनेशनल एकेडमी में 77वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया, सांस्कृतिक कार्यक्रमों से मंत्रमुग्ध हुए मुख्य अतिथि

 

बस्ती (आयुष्मान टाइम्स) राजन इंटरनेशनल एकेडमी में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास, देशभक्ति और सांस्कृतिक रंगों के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खलीलाबाद (संत कबीर नगर) के पूर्व विधायक दिग्विजय नारायण चतुर्वेदी उर्फ “जय चौबे” रहे। उन्होंने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और विद्यार्थियों को संबोधित किया।


मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि भारत को स्वतंत्रता लंबे संघर्ष और बलिदान के बाद मिली तथा 26 जनवरी 1950 को देश ने अपना लिखित संविधान अंगीकार किया। 77वां गणतंत्र दिवस देश के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। आज भारत कई मोर्चों पर निरंतर प्रगति कर रहा है और अमर शहीदों के सपनों को साकार करना हम सभी का कर्तव्य है।


इसके पश्चात मुख्य अतिथि, कार्यकारी निदेशक संजीव पांडे एवं विद्यालय की प्रिंसिपल सानू एंटनी द्वारा मां सरस्वती एवं शिक्षा जगत के मालवीय कहे जाने वाले स्वर्गीय पंडित सूर्य नारायण चतुर्वेदी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ किया गया।


विद्यालय की एमडी शिखा चतुर्वेदी ने छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 26 जनवरी का दिन हर भारतीय के लिए बेहद खास है, क्योंकि इसी दिन भारत में लोकतंत्र की स्थापना हुई थी। भारत में हर वर्ष दो प्रमुख राष्ट्रीय पर्व—स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस—गौरव के साथ मनाए जाते हैं।


छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत, नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों को देखकर मुख्य अतिथि अत्यंत प्रसन्न हुए और उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए नकद पुरस्कार भी प्रदान किए।


कार्यकारी निदेशक संजीव पांडे ने विद्यार्थियों को गणतंत्र के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी और कहा कि भारतीय गणतंत्र की विकास यात्रा चुनौतियों के बीच निरंतर आगे बढ़ रही है।


कार्यक्रम के अंत में प्रिंसिपल सानू एंटनी ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन जितेंद्र यादव ने किया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.