भाजपा संगठन और प्रशासन के बीच समन्वय बैठक सम्पन्न

0 आकाश शुक्ला



बस्ती (आयुष्मान टाइम्स) शनिवार को बस्ती सदर तहसील सभागार में भारतीय जनता पार्टी संगठन एवं प्रशासन के बीच एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष श्री विवेकानन्द मिश्र ने की, जबकि प्रशासन की ओर से उप जिलाधिकारी श्री शत्रुध्न पाठक ने नेतृत्व किया।


बैठक में भाजपा पदाधिकारियों ने जनता से जुड़ी कई गंभीर समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इनमें जल जीवन मिशन के अंतर्गत खुदाई के बाद सड़कों की मरम्मत न होने, नगर पंचायतों में नंगे लटक रहे बिजली के तारों, लो वोल्टेज की समस्या, तथा थानों में आम नागरिकों की शिकायतों की उपेक्षा जैसे मुद्दे शामिल रहे।


इस अवसर पर जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र ने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी भरे स्वर में कहा—


> “जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भाजपा कार्यकर्ता जनता और प्रशासन के बीच एक मजबूत सेतु हैं। यदि कार्यकर्ताओं द्वारा उठाई गई जनता की समस्याओं को नजरअंदाज किया गया, तो पार्टी इसे अत्यंत गंभीरता से लेगी। अधिकारियों को चाहिए कि हर जनहित से जुड़े मामले पर तत्काल और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।”


उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार और संगठन, दोनों का उद्देश्य जनता को सुशासन देना है। कार्यकर्ताओं की बात दरअसल जनता की आवाज है, और उसे प्राथमिकता से सुना जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से कहा कि फील्ड स्तर पर समस्याओं का त्वरित निस्तारण कर जनता में विश्वास कायम करें।


जिलाध्यक्ष ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” के मंत्र पर कार्य कर रही है। इसी भाव के अनुरूप प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को जनता की समस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।


बैठक में नगर एवं मंडल स्तर के पदाधिकारियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को विस्तार से रखा और उनके समाधान हेतु ठोस कार्रवाई की मांग की।


बैठक में भाजपा की ओर से प्रमुख रूप से भानु प्रकाश मिश्र, चंद्रशेखर मुन्ना, राकेश श्रीवास्तव, अरविन्द श्रीवास्तव, अभिषेक कुमार गौतम, राना दिनेश सिंह, राजन मिश्र, रघुनाथ सिंह, ब्रह्मदेव यादव, रोली सिंह, बाल कृष्ण त्रिपाठी, सतेन्द्र सिंह भोलू, राजकुमार शुक्ल, प्रदीप निषाद, के.के. दुबे, विजयभान सिंह, अमित गुप्ता, अंकित पाण्डेय, वेद प्रकाश त्रिपाठी, दुर्गेश अग्रहरी, संजय चौरसिया, कामेंद्र चौहान, आलोक पाण्डेय, धर्मेन्द्र जायसवाल, सर्वजीत भारती, दिलीप भट्ट, प्रेम प्रकाश चौधरी, रवि चंद्र पाण्डेय सहित बस्ती तहसील के सभी मंडल अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.